ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस, लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की शहादत दिवस को आज किसान अधिकार दिवस के रूप में मना रही है। कांग्रेस ने इस दौरान आज राजधानी रायपुर के अंबेडकर चौक पर किसान-मजदूर विरोधी कानून के विरोध में सत्याग्रह किया। उनका यह आंदोलन प्रदेश के बाकी जिला मुख्यालयों में भी जारी रहा।
शहर जिला कांग्रेस से जुड़े दर्जनों नेता-कार्यकर्ता आज सुबह यहां अंबेडकर चौक पर एकजुट हुए। इसके बाद सरदार पटेल और इंदिरा गांधी को याद करते हुए यहां सत्याग्रह पर बैठ गए। सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेता, केन्द्र सरकार द्वारा पारित किसान विरोधी तीन कृषि कानून को वापस लेने जाने की मांग करते रहे।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रमुख शैलेष नितिन त्रिवेदी का कहना है कि कृषि करने के विरोध में प्रदेश में हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया है। हस्ताक्षरयुक्त प्रतियां जल्द ही प्रदेश कांग्रेस के पास जमा होगी। अखिल भारतीय कांग्रेस द्वारा 14 नवंबर को 2 करोड़ किसानों और खेतिहर मजदूरों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा।


