ताजा खबर

खेत में काम करते सुबह-सुबह हाथी ने कुचल मारा, पत्नी भागकर बची...
27-Oct-2020 8:32 AM
खेत में काम करते सुबह-सुबह हाथी ने कुचल मारा, पत्नी भागकर बची...

'छत्तीसगढ़' संवाददाता 

महासमुन्द, 27 अक्टूबर। आज अलसुबह अपने खेत में धान कटाई कर रहे एक आदमी को दंतैल ने पटक-पटक कर मार डाला। घटना जिला मुख्यालय महासमुंद से लगभग दस किलोमीटर दूर ग्राम धनसुली की है। 

गणेश घृतलहरे उम्र 40 साल  पत्नी रेखा के साथ अपने खेत में धान काट रहा था। कल ही उसने हार्वेस्टर मशीन से धान की कटाई करवाई थी और खेत किनारे बच गई फसल को दोनों काट रहे थे। तभी हाथी वहां आ धमका। हाथी को पहले रेखा ने देखा और जोर जोर की आवाज लगाते जान बचाकर भाग निकली। लेकिन गणेश भागते समय गिर पड़ा और हाथी ने उसे बुरी तरह पटक कर मार डाला। मृतक के तीन बच्चे हैं।

समाचार तैयार करते वक्त वन मंडल महासमुन्द का अमला घटना स्थल के लिए रवाना होने वाला है। वन मंडल अधिकारी मयंक पांडेय का कहना है कि सुबह लगभग साढ़े छः बजे उन्हें घटना की जानकारी हुई। बता दें कि मृतक के तीन बच्चे हैं।


अन्य पोस्ट