ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 6 सितम्बर। सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम परसदा में एक विवाहिता और उसके बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी पति को तब लगी जब वह नगर निगम से ड्यूटी करके अपने घर लौटा था। पुलिस को एक युवक पर हत्या का संदेह है। मामले की जांच की जा रही है।
परसदा स्थित दीनदयाल आवास में रहने वाला नगर निगम बिलासपुर में संविदा कर्मचारी परमेश्वर कौशिक अपनी पत्नी सरिता कौशिक (35 वर्ष) और बेटे अरमान (12 वर्ष) के साथ रहता था। वह मूल रूप से तखतपुर थाने के अंतर्गत चनाडोंगरी ग्राम का रहने वाला है। कल सुबह वह रोज की तरह जोन कार्यालय में ड्यूटी के लिये चला गया था। शाम को जब वह घर लौटा तो घर पर उसकी पत्नी और बेटे की लाश भीतर खून से लथ-पथ पड़ी थी। दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेजा। पूछताछ में जानकारी मिली कि दोपहर में अरमान दूसरे बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान उसने मां की चीख सुनी। चीख सुनकर घर के भीतर घुसा, उसके बाद वह भीतर से वापस नहीं लौटा। खेल रहे बच्चों ने बताया कि अरमान के जाने के बाद वे भी अपने घर चले गये थे। एक प्रत्यक्षदर्शी बच्चे के अनुसार घर से एक व्यक्ति को उसने निकलते देखा है पर वह कौन है नहीं पहचानता।
घटनास्थल पर मृतक महिला का मोबाइल फोन नहीं मिला है वह स्विच ऑफ बता रहा है। घर में अलमारी खुली हुई है और सामान बिखरा हुआ है। उसमें से क्या सामान गायब है इस बारे में पता नहीं चला है। थाना प्रभारी के मुताबिक सबूत नहीं छोड़ने के मकसद से आरोपी मोबाइल और कुछ सामान अपने साथ ले गया होगा।
घटना के सम्बन्ध में चल रही चर्चा के अनुसार मृतक महिला का एक युवक से परिचय था। वह उसके घर भी आता जाता था। उक्त युवक ने एक जगह अपनी शादी तय की थी जिसके चलते दोनों के बीच विवाद था। हालांकि पुलिस ने कहा कि यह सिर्फ प्रारंभिक सूचना है जांच के बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।


