ताजा खबर
नांदगांव पुलिस ने खूंखार नक्सली डेविड को किया गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 अगस्त। राजनांदगांव जिले के जोब इलाके के कटेंगा जंगल में पुलिस के साथ मुठभेड़ में जख्मी हुए कुख्यात नक्सली डेविड उर्फ उमेश को आज विधिवत् रूप से पेश किया गया। 30 जून को पुलिस की गोली से घायल हुए 29 लाख के ईनामी नक्सली की महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की पुलिस तलाश में थी।
राजनांदगांव पुलिस ने घायल नक्सली डेविड को रायपुर में उपचार के लिए दाखिल किया था। बीते दिनों ठीक होते ही उसे पुलिस ने क्वॉरंटीन कर लंबी पूछताछ करने के बाद आज मीडिया के सामने पेश किया। एसपी जितेन्द्र शुक्ल ने बताया कि एमएमसी जोन में नक्सलियों को मोटोरोला के वायरलैस सेट बांटे गए हैं। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।
बताया जाता है कि डेविड की निशानदेही पर पुलिस वायरलैस की सप्लायर को भी गिरफ्तार करेगी। डेविड पर कुल 29 लाख का इनाम घोषित है। जिसमें सर्वाधिक महाराष्ट्र सरकार ने 16, छत्तीसगढ़ में 8 व मध्यप्रदेश में 5 लाख का इनाम घोषित किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार डेविड मूलत; गढ़चिरौली के कोरची तहसील के सावली गांव का रहने वाला है। वह नक्सल संगठन में प्लाटून नबंर 01 का कमांडर व डीवीसी मेंबर भी है। उस पर तीनों राज्य में करीब 40 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिसमें हत्या, लूट और आगजनी जैसे संगीन जुर्म शामिल हैं।
एसपी का कहना है कि गिरफ्तार नक्सली डेविड ने पुलिस को कई अहम नक्सल गतिविधि से जुड़ी जानकारी दी है। माना जा रहा है पुलिस डेविड से मिले सुरागों के जरिए नक्सलियों को घेरने के लिए बड़ा अभियान शुरू करेगी। बताया जाता है कि डेविड ने नेशनल हाईवे में एएसआई नरबद बोगा व पूर्व समर्पित नक्सली की कू्रर हत्या को लेकर भी राज खोला हैं।


