ताजा खबर

रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात, बेटी ने सोते हुए पिता की हत्या की
11-Feb-2026 11:01 AM
रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात, बेटी ने सोते हुए पिता की हत्या की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 11 फरवरी। जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत रलिया गांव में एक युवती ने अपने ही पिता की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार–मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। 25 वर्षीय युवती गीता ने अपने पिता अशोक केवट पर उस वक्त हमला किया, जब वे घर में सो रहे थे। आरोपी ने घर में रखी हंसिया से पिता के जबड़े और गर्दन पर वार किया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती अपनी मां और दो अन्य बहनों के साथ कोरबा की पुरानी बस्ती में अलग रहती थी, जबकि पिता रलिया गांव में ही निवास करते थे। पारिवारिक विवादों के चलते दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से मेलजोल लगभग बंद था। पिता द्वारा बेटी के रहन-सहन और चरित्र को लेकर संदेह जताए जाने की बात भी सामने आई है, जिससे संबंध और अधिक बिगड़ गए थे। यह भी मालूम हुआ है कि आरोपी अपने पिता से पैतृक जमीन से हिस्सा चाहती थी।

घटना के बाद युवती ने मृत पिता के पास बैठकर मोबाइल से वीडियो बनाया। वीडियो में वह पिता का हाथ उठाकर भावुक और विचलित अवस्था में यह कहते हुए दिखी कि उसी हाथ से उसे बचपन से गलत नजर से छुआ गया। वीडियो में उसके हंसने और रोने दोनों तरह के दृश्य हैं। उसने खुद अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी।  

पुलिस के मुताबिक युवती हाल ही में जमीन का मुआवजा लेने तथा जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेजों के लिए रलिया गांव आई थी और अपने दादा के घर ठहरी हुई थी। इसी दौरान देर रात वह पिता के घर पहुंची और वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर में मौजूद मृतक की वृद्ध मां सो रही थी।

इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या का मामला दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट