ताजा खबर

पीयूष गोयल बोले- तो टी20 वर्ल्ड कप मुक़ाबले में भारत से जीत जाता अमेरिका
10-Feb-2026 9:30 AM
पीयूष गोयल बोले- तो टी20 वर्ल्ड कप मुक़ाबले में भारत से जीत जाता अमेरिका

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के घर पर सोमवार को रखे गए एक समारोह में भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने दोनों देशों के बीच हुए मैच और टैरिफ़ को लेकर एक मज़ाक किया.

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए भारत-अमेरिका मुक़ाबले का ज़िक्र करते हुए पीयूष गोयल ने कहा, "अमेरिका ने भले ही (भारत के ख़िलाफ़) मैच नहीं जीता हो, लेकिन एक ऐसे देश के लिए जिसने कुछ साल पहले ही में क्रिकेट खेलना शुरू किया है, उनका प्रदर्शन शानदार था."

उन्होंने कहा, "सर्जियो भी वहां मैच का आनंद लेने के लिए मौजूद थे...उन्होंने (सर्जियो गोर ने) एक अहम फ़ैक्ट बताया कि अमेरिका मैच 18 परसेंट से हार गया."

पीयूष गोयल ने आगे कहा कि 'अगर आपने रेसिप्रोकल टैरिफ़ ज़ीरो कर दिया होता, तो शायद आप मैच जीत जाते', उनके ये कहते ही वहां मौजूद लोग हंसने लगे.

शनिवार, 7 फ़रवरी को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के अपने पहले मुक़ाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रन से मात दी. भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते अमेरिका के सामने जीत के लिए 20 ओवर में 162 रन का लक्ष्य रखा था.

लेकिन अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 132 रन ही बना पाई थी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट