ताजा खबर

तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
06-Feb-2026 11:42 AM
तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

मेले से लौटते समय हुआ हादसा, गंभीर रूप से घायल बच्ची निजी अस्पताल में भर्ती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 6 फरवरी। कोटा–लोरमी मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार रतनपुर क्षेत्र के डोना सागर मोहदा निवासी जनमेश यादव कुछ दिनों से बसनझार में रह रहे थे। वह पत्नी संतोषी यादव, बेटी अनिशा यादव और बेटे सोनू यादव के साथ बाइक से बेलपान मेला देखने गए थे। मेला देखकर लौटते समय जैसे ही वे दोपहर में भैंसाझार चौक के पास कोटा–लोरमी मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और घायलों को कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान जनमेश यादव (36), संतोषी यादव (20) और अनिशा यादव (13) की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सोनू यादव को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

ग्रामीणों की भीड़ और तत्परता के चलते आरोपी पिकअप चालक मौके से भाग नहीं सका। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पिकअप को जब्त किया और चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार बाइक सवार एक बस के पीछे चल रहे थे। बस के मोड़ लेने के दौरान सामने से आ रही पिकअप ने तेज गति में बाइक को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि इस मार्ग पर पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं।


अन्य पोस्ट