ताजा खबर

कार खाई में गिरकर तीन बार पलटी, यूथ कांग्रेस नेता समेत दो की मौत
06-Feb-2026 11:39 AM
कार खाई में गिरकर तीन बार पलटी, यूथ कांग्रेस नेता समेत दो की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 6 फरवरी। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाईनुमा लेन में गिर गई और तीन बार पलट गई। इस हादसे में यूथ कांग्रेस के एक नेता सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, पूर्व एनएसयूआई राष्ट्रीय संयोजक और युवक कांग्रेस नेता राहुल राय गुरुवार रात बालको में एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ जोंधरा (मस्तूरी) निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और एक युवक राहुल भी कार में सवार थे।

 चारों लोग रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा क्षेत्र पहुंचे। कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान निर्माणाधीन सड़क पर दिशा भ्रमित होने के कारण उनकी कार सड़क से उतरकर अधूरी लेन में चली गई, जो खाई जैसी थी। वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार खाई में गिरकर लगातार तीन बार पलट गई।

हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल के सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे साथियों ने घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों के शव केजीएन अस्पताल में रखे गए हैं। मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त थी, जिससे यह हादसा हुआ।


अन्य पोस्ट