ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 6 फरवरी। शहर के तेलीपारा क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तेलीपारा रोड स्थित अजीत होटल के सामने लीला ज्वेलर्स के संचालक तुषार दोशी (44) ने पुलिस को बताया कि 6 मार्च 2024 को एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया। उसने अपना नाम कमलेश सोनी बताया और खुद को उदयपुर (राजस्थान) स्थित राम सिल्वर फर्म का संचालक बताया। उसने खुद को सोना-चांदी के आभूषणों का व्यापारी बताते हुए व्यापारिक लेन-देन की बात कही।
आरोपी ने कहा कि वह 22 कैरेट के सोने के गहने बाजार में बेचकर उसकी राशि लौटा देगा। उसकी बातों पर भरोसा कर तुषार दोशी ने 224.670 ग्राम वजनी सोने की मालाएं और चूड़ियां बुक कर दीं, जिनकी कीमत करीब 36.83 लाख रुपये आंकी गई।
20 मार्च 2024 को उक्त सोने के गहने कूरियर के माध्यम से उदयपुर स्थित राम सिल्वर के पते पर भेजे गए। गहने प्राप्त होने के बाद आरोपी ने 28 मार्च 2024 को पीड़ित के खाते में ऑनलाइन माध्यम से मात्र 6,500 रुपये ट्रांसफर किए।
इसके बाद आरोपी ने न तो शेष राशि का भुगतान किया और न ही गहने वापस किए। बार-बार फोन करने पर वह टालमटोल करता रहा और कुछ समय बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। खुद को ठगा महसूस करते हुए सराफा व्यापारी ने अंततः पुलिस से शिकायत की।
शिकायत मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।


