ताजा खबर
एके-47, विस्फोटक और नक्सल सामान बरामद
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बीजापुर, 5 फरवरी। बीजापुर जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र के दक्षिण क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में गुरुवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दक्षिण बस्तर डिवीजन का सक्रिय माओवादी कमांडर डीवीसीएम उधम सिंह मारा गया। मुठभेड़ स्थल से एक एके -47 राइफल, विस्फोटक सामग्री सहित अन्य नक्सली सामान बरामद किए गए। मारे गए नक्सली पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र के जंगलों में दक्षिण बस्तर डिवीजन के डीवीसीएम उधम सिंह एवं अन्य सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर डीआरजी बीजापुर और कोबरा की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। अभियान के दौरान 5 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे से सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही।
मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से डीवीसीएम उधम सिंह का शव बरामद किया गया। मौके से एक एके-47 राइफल, 2 मैगजीन, 28 राउंड, विस्फोटक सामग्री, कार्डेक्स वायर, वायरलेस सेट, मोबाइल, पि_ू, टिफिन बैग सहित अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।
उधम सिंह कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है, जिनमें वर्ष 2023 में थाना तर्रेम क्षेत्र के गुंडम जंगल में पुलिस पार्टी पर हमला, वर्ष 2024 में बासागुड़ा क्षेत्र के पुतकेल-चिपुरभट्टी जंगल में मुठभेड़ तथा जिड़पल्ली कैंप पर हमला प्रमुख हैं।
इस संबंध में बुधवार को बीजापुर जिला मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी., उप महानिरीक्षक ऑप्स केरिपु बीजापुर सेक्टर बी.एस. नेगी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने संयुक्त रूप से जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2025 में जिले में विभिन्न मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 163 माओवादियों को मार गिराया था, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 11 माओवादी ढेर हो चुके हैं। जनवरी 2024 से अब तक चलाए गए माओवादी विरोधी अभियानों में कुल 232 माओवादी मारे गए, 1163 गिरफ्तार किए गए और 888 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में शामिल हुए हैं।



