ताजा खबर
घायल हालत में युवती ने खुद कॉल किया 112 को
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर/कोरबा, 5 फरवरी। मंगलवार देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात में एक युवक ने युवती की गर्दन पर चाकू से हमला कर उसे मरणासन्न छोड़ दिया और फिर खुद आत्महत्या कर ली। यह घटना कोरबा जिले उरगा थाना क्षेत्र में हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार युवक शुभम नायडू (28), निवासी अशोक नगर, सरकंडा और युवती निशा उर्फ प्रतीक्षा (22 वर्ष), दोनों बिलासपुर के निवासी थे। दोनों बस से कोरबा पहुंचे थे। आधी रात के बाद वे मोटरसाइकिल से सेंदाइल के पास पहुंचे, जहां वाहन खड़ा कर करीब 25 फीट नीचे नहर में उतर गए। वहीं किसी विवाद के दौरान युवक ने युवती की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। युवती को मृत समझकर उसने खुद भी गला रेत लिया।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नहर में उतरने पर पुलिस ने युवती को दर्द से तड़पते हुए पाया, जबकि युवक पास ही खून से लथपथ पड़ा था। दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को उच्च उपचार केंद्र के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस टीम के पहुंचने पर उसने इशारों के माध्यम से बताया कि युवक ने चाकू से हमला किया था। युवती ने साहस दिखाते हुए घटना के बाद व्हाट्सऐप कॉल और चैट के जरिए अपने परिजनों और डायल 112 टीम को सूचना दी, साथ ही अपनी लोकेशन भी साझा की। एक हाथ से गला थामे और दूसरे हाथ से मोबाइल चलाकर उसने मदद मांगी।
बताया गया कि युवती के पिता बिलासपुर के कोतवाली क्षेत्र में पान दुकान चलाते हैं। मंगलवार रात युवती अपनी मां के साथ बाजार गई थी। करीब 10 बजे उसने मां को घर भेज दिया और स्वयं थोड़ी देर में लौटने की बात कही, लेकिन देर रात तक वापस नहीं आई। परिजनों ने आशंका के चलते कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और तलाश शुरू की। रात को करीब 1.30 बजे युवती की एक सहेली ने परिवार वालों को बताया कि उसके पास मेसैज आया है कि युवती कोरबा में घायल हो गई है।
पुलिस के अनुसार मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत होता है। युवक शादीशुदा था और उसका एक बच्चा भी है। बताया गया कि वह बैंक में फाइनेंस से जुड़ा कार्य करता था, जबकि युवती भी एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थी। युवक की शादी के बाद से ही दोनों के संबंधों को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। दो दिन पहले युवक द्वारा युवती के घर के पास हंगामा करने की भी जानकारी सामने आई है। घटना स्थल से पुलिस ने मोटरसाइकिल और दोनों के निजी सामान जब्त किए हैं। कानूनी प्रक्रिया के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


