ताजा खबर

नांदगांव के गैंदाटोला में जीवित मतदाताओं का नाम गायब
05-Feb-2026 12:50 PM
नांदगांव के गैंदाटोला में जीवित मतदाताओं का नाम गायब

साजिश का आरोप लगाते मतदाता पहुंचे थाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 फरवरी।
राजनांदगांव जिले के गैंदाटोला में मतदाता सूची में एक बड़ी गड़बड़ी उस वक्त सामने आई, जब कई ग्रामीणों का नाम सूची से नदारद मिला। जीवित मतदाताओं का नाम काटने से भडक़े लोगों ने थाना प्रभारी से साजिश का आरोप लगाते कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने आश्चर्य व्यक्त किया कि ऐसे लोगों का नाम सूची से गायब है, जो जीवित हैं। यह एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है।

मिली जानकारी के मुताबिक गैंदाटोला में जीवित व पात्र मतदाताओं के नाम से मतदाता सूची में गायब मिला। मतदाता सूची में दर्ज नामों को लेकर कथित रूप से दावा-आपत्ति भी दर्ज किया गया है। इसके बाद ग्रामीणों ने सीधा थाना प्रभारी से शिकायत किया है। गैंदाटोला खुज्जी विधानसभा के बड़े गांव में से एक में यहां बवाल खड़ा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुल 48 जीवित मतदाताओं का नाम हटवाया गया है। जबकि संबंधित लोग जीवित अवस्था में है और गांव में ही निवासरत है। 

पुलिस थाना पहुंचे प्रकाश शर्मा, राजिल कुरैशी, नरेन्द्र मानिकपुरी, मनोज कोचे, पन्नालाल देवांगन, गोलू साहू, अजय साहू समेत कई ग्रामीणों ने पुलिस से शिकायत करते आरोप लगाया कि यह पूरा मामला पूर्व नियोजित व साजिश के तहत किया गया है। एक खास विचारधारा से जुड़े मतदाताओं  का नाम सूची से हटाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया गया है। यह मामला तूल पकडऩे लगा है। ग्रामीणों ने सरकारी बीएलओ से सवाल-जवाब भी किया है। ग्रामीणों ने सूची दुरूस्त नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।


अन्य पोस्ट