ताजा खबर

स्कूलों में पहली से 11 तक परीक्षाएं 25 मार्च से
05-Feb-2026 10:18 AM
स्कूलों में पहली से 11 तक परीक्षाएं 25 मार्च से

लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देश

नवा रायपुर, 4 फरवरी। प्रदेश के स्कूलों में  सत्र 2025–26 की वार्षिक परीक्षा को लेकर कक्षा 1 से 11वीं तक के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश केअनुसार वार्षिक परीक्षाएं 25 मार्च 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा की समय-सारणी जिला शिक्षा अधिकारी स्तर से जारी की जाएगी।

उपसंचालक लोक शिक्षण के  आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले में वार्षिक परीक्षा के सफल संचालन की पूर्ण जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी की होगी। इसके लिए जिला स्तर पर संचालन समिति, प्रश्न पत्र निर्माण समिति , और मॉडरेशन समिति का गठन 5 फरवरी 2026 तक किया जाना अनिवार्य होगा।

निर्देशानुसार कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं के लिए ब्लूप्रिंट के अनुरूप प्रश्न पत्र तैयार किए जाएंगे। परीक्षा पूर्व तैयारी के तहत सैंपल प्रश्न पत्र बनाकर विद्यार्थियों को अभ्यास कराया जाएगा। सभी कक्षाओं का पाठ्यक्रम 28 फरवरी 2026 तक पूर्ण कर रिवीजन कराया जाएगा, वहीं परियोजना कार्य की वार्षिक परीक्षा 5 मार्च 2026 तक पूरी की जाएगी।

प्रश्न पत्र निर्माण प्रक्रिया के तहत 15 फरवरी 2026 तक प्रश्न पत्रों के तीन सेट तैयार किए जाएंगे। इसके बाद 20 फरवरी 2026 तक मॉडरेशन प्रक्रिया पूरी होगी। प्रश्न पत्रों को मुद्रण के लिए 25 फरवरी 2026 तक भेजा जाएगा, जबकि मुद्रक द्वारा सीलबंद लिफाफों में प्रश्न पत्र 15 मार्च 2026 तक जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे जाएंगे।
जारी निर्देश सभी शासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों पर लागू होंगे।


अन्य पोस्ट