ताजा खबर

हिमंत बिस्वा सरमा ने दी कांग्रेस नेताओं के ख़िलाफ़ मानहानि का मामला दर्ज करने की धमकी
05-Feb-2026 8:59 AM
हिमंत बिस्वा सरमा ने दी कांग्रेस नेताओं के ख़िलाफ़ मानहानि का मामला दर्ज करने की धमकी

-दिलीप कुमार शर्मा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई समेत पार्टी के कुछ शीर्ष नेताओं के ख़िलाफ़ दीवानी और आपराधिक दोनों तरह की मानहानि मुक़दमे दर्ज करने की धमकी दी है.

सीएम का यह बयान कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के उस दावे के बाद आया है जिसमें सरमा के परिवार पर पूरे असम में लगभग 12 हजार बीघा ज़मीन पर कब्ज़ा करने की बात कही गई थी.

इससे पहले बुधवार को कांग्रेस पार्टी ने एक वेबसाइट और पैम्फलेट लॉन्च किया था जिसमें कथित तौर पर सीएम पर भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और सांस्कृतिक हस्तियों का अपमान करने के आरोप लगाए गए थे.

कांग्रेस ने ''हू इज़ एचबीएस'' नाम की वेबसाइट शुरू की थी जो सरमा की संपत्ति से जुड़ी जानकारी मांग रही थी.

लेकिन यह वेबसाइट लॉन्च होने के तुरंत बाद “अस्थायी तौर पर डाउन” हो गई.

एचबीएस का मतलब था- हिमंत बिस्वा सरमा. कांग्रेस द्वारा लॉन्च इस वेबसाइट के ख़िलाफ़ सीएम हिमंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं 9 फ़रवरी 2026 को जितेंद्र सिंह,भूपेश बघेल, गौरव गोगोई और देबब्रत सैकिया के ख़िलाफ़ आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मेरे ख़िलाफ़ झूठे, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक बयान देने के लिए सिविल और आपराधिक मानहानि की कार्यवाही शुरू कर रहा हूं."

असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने गुवाहाटी में एक कॉन्फ्रेंस में कहा था, "अब तक हमने जो जानकारी इकट्ठा की है, उससे पता चला है कि सरमा और उनके परिवार के सदस्यों के पास करीब 12 हजार बीघा (लगभग 4 हजार एकड़) जमीन है. हम जल्द ही बताएंगे कि उन्होंने नियमों में कैसे हेरफेर किया और खेती की जमीन को इंडस्ट्रियल जमीन में बदल दिया."

सीएम हिमंत भी लगातार मीडिया में कहते रहे हैं कि 8 फ़रवरी को गौरव गोगोई के पाकिस्तान से जुड़े कथित लिंक के बारे में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की रिपोर्ट सार्वजनिक करेंगे. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट