ताजा खबर

भाजपा नेता अन्नामलाई ने पिता की खराब सेहत का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दिया
04-Feb-2026 8:28 PM
भाजपा नेता अन्नामलाई ने पिता की खराब सेहत का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दिया

कोयंबटूर, 4 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने अपने पिता की खराब सेहत का हवाला देते हुए तमिलनाडु में छह विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी से इस्तीफा दे दिया है।

अन्नामलाई ने तीन फरवरी को मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने अपने इस फैसले की जानकारी तमिलनाडु भाजपा नेतृत्व को दे दी है।

उन्होंने कहा, “मैंने तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन सहित पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया है कि मैं इस समय अपने पिता के साथ रहना चाहता हूं। मेरे पिता डायलिसिस पर हैं और उनकी देखभाल करना मेरा पहला कर्तव्य है। मैंने (नेतृत्व को) यह भी बताया है कि मैं इस समय यात्रा करने की स्थिति में नहीं हूं। मुझे उम्मीद है कि पार्टी इसे स्वीकार करेगी और (उन्हें मिली छह विधानसभा क्षेत्रों की) जिम्मेदारी को किसी और को प्रदान करेगी।”

अन्नामलाई को तमिलनाडु के सिंगानल्लूर, विरुगमबाक्कम (चेन्नई), करैक्कुडी, श्रीवैकुंटम, मदुरै (दक्षिण) और पद्मनाभपुरम (कन्याकुमारी) विधानसभा क्षेत्रों का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया था।

एक सवाल पर उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात उन्हें चुनाव संबंधी कार्यों के लिए यात्रा करने की अनुमति नहीं देते हैं।

अन्नामलाई ने कहा, ‘‘मैंने यह बात पार्टी नेतृत्व को बता दी है। वे भी मेरी स्थिति समझ गए हैं। साथ ही, मैंने उनसे कहा है कि पार्टी के लिए वे जो भी करने को कहेंगे, मैं करने को तैयार हूं। मैं अपनी पार्टी और गठबंधन दलों के उम्मीदवारों के लिए काम करने को तत्पर हूं।’’

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी उनके स्थान पर किसी अन्य नेता को नियुक्त करेगी।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वे चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी मुझे जो भी करने को कहेगी, मैं आपको भी बताऊंगा।’’

वहीं, किल्लियूर के कांग्रेस विधायक राजेश कुमार ने अन्नामलाई के फैसले पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘उन्हें (अन्नामलाई को) चुनावी बुखार चढ़ गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चुनावी बुखार चढ़ने के बाद उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। किसी भी कीमत पर कन्याकुमारी में कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) नहीं खिलेगा।’’

कांग्रेस विधायक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि चुनावी बुखार और चुनाव में हार के डर के कारण उन्होंने इस्तीफा दिया है।” (भाषा)


अन्य पोस्ट