ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 4 फरवरी । तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में बुधवार को सुबह लिंक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई । ट्रेन रायपुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी।मृतकों में एक रेलवे का नियमित कर्मचारी और दूसरा ठेके पर कार्य करने वाला बताया जा रहा है।हादसा बैकुंठ पुलिया के ऊपर डाउन मिडिल लाइन के पास हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान रेलवे कर्मी लाला राम बंजारे (55 वर्ष) और रेलवे से जुड़े कार्यों में संलग्न ठेकाकर्मी मोहन लाल साहू (26 वर्ष) के तौर पर हुई। जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति रेलवे ट्रैक के पास मौजूद थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही लिंक एक्सप्रेस ट्रेन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. ट्रेन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे अधिकारियों को भी अवगत कराया गया।


