ताजा खबर
जनविश्वास ही पुलिस की असली ताकत- डा शुक्ला
रायपुर, 2 फरवरी। पुलिस कमिश्नर डॉ संजीव शुक्ला ने ली कमिश्नरेट के सभी अधिकारी कर्मचारियों को शंकर नगर स्थित सभागार में संबोधित किया । डॉ. शुक्ला ने कहा कि कमिश्नरी सिस्टम का उद्देश्य केवल अधिकारों का विस्तार नहीं, बल्कि पुलिस और आम नागरिक के बीच भरोसे का मजबूत सेतु बनाना है। उन्होंने कहा कि भयमुक्त और सुरक्षित रायपुर का निर्माण तभी संभव है, जब पुलिस संवेदनशील, जवाबदेह और जनहितकारी दृष्टिकोण के साथ कार्य करे।
डॉ. शुक्ला ने पुलिसकर्मियों को बेसिक पुलिसिंग का पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभ्य व्यक्तिगत आचरण, नागरिकों से शालीन व्यवहार और उनकी शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनकर वैधानिक समाधान देना ही जनविश्वास की नींव है। उन्होंने बताया कि शिकायतों की समीक्षा में यह स्पष्ट होता है कि कई मामलों में नागरिकों को अपेक्षित सुनवाई नहीं मिल पाती, जिसे सुधारात्मक सोच के साथ दूर किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विजिबल पुलिसिंग का उद्देश्य केवल उपस्थिति दर्ज कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा देना है। इसलिए ऐसी पुलिसिंग वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में हो, जिससे आमजन स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अपराधियों के प्रति कानून सख्त रहेगा, जबकि आम नागरिकों के प्रति पुलिस का व्यवहार सहयोगात्मक और मानवीय होगा।
पुलिस कमिश्नर ने पुलिसकर्मियों को स्वच्छ वेशभूषा, अनुशासित कार्यशैली और मर्यादित व्यवहार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि एक सजग, अनुशासित और संवेदनशील पुलिस बल ही समाज में विश्वास पैदा कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर डीसीपी नॉर्थ ज़ोन मयंक गुर्जर, डीसीपी वेस्ट संदीप पटेल तथा डीसीपी सेंट्रल ज़ोन उमेश प्रसाद गुप्ता ने अपने-अपने जोन, कार्यक्षेत्र, प्राथमिकताओं तथा अधीनस्थ एसीपी डिवीजनों की भूमिका के संबंध में जानकारी साझा की।
इस अवसर पर एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल, एडिशनल डीसीपी अर्चना झा, एडिशनल डीसीपी राहुद देव शर्मा, एडिशनल डीसीपी आकाश मरकाम सहित समस्त एसीपी एवं थाना प्रभारीउपस्थित रहे।


