ताजा खबर
77वें गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री ने बिलासपुर में फहराया तिरंगा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 26 जनवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से संविधान की सर्वोच्चता, लोकतंत्र की मजबूती और सुशासन के संकल्प के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याण, समावेशी विकास और सामाजिक न्याय को केंद्र में रखकर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। इस अवसर पर शहीद सैनिकों व पुलिस जवानों के परिजनों को सम्मानित किया गया। राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ पुलिस बल को विशेष पदक देने की घोषणा भी की गई।
गणतंत्र दिवस संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संविधान समानता, सामाजिक न्याय और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का आधार है। उन्होंने संविधान निर्माताओं, विशेषकर डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन किया और गुरु घासीदास के “मनखे-मनखे एक समान” संदेश को संविधान की आत्मा बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा गठित छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों में विकास की सशक्त यात्रा तय की है। नवनिर्मित विधानसभा भवन का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से हुआ, जो छत्तीसगढ़ी अस्मिता का प्रतीक है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं जयंती राज्यभर में सामूहिक गायन के साथ मनाई गई।
मुख्यमंत्री ने धरती आबा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस का उल्लेख करते हुए जनजातीय समाज के योगदान को रेखांकित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में माओवादी हिंसा अंतिम चरण में है। मार्च 2026 तक प्रदेश को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। पुनर्वास योजनाओं और बस्तर-केंद्रित विकास पहलों से प्रभावित क्षेत्रों में बदलाव दिख रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को धान का देश में सर्वाधिक मूल्य मिल रहा है, खरीदी 149 लाख मीट्रिक टन तक पहुंची है और दो वर्षों में बड़ी राशि सीधे खातों में पहुंचाई गई।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 26 लाख से अधिक आवास स्वीकृत हैं। महतारी वंदन योजना से 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह सम्मान राशि दी जा रही है। शिक्षा में युक्तियुक्तकरण, स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। नए मेडिकल कॉलेजों से संख्या 15 हुई, बिलासपुर में मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और हिंदी में बीबीएस शुरू हुआ। नई औद्योगिक नीति से 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं; नवा रायपुर को आईटी, एआई और मेडिकल हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। ई-ऑफिस, जेम पोर्टल, बायोमेट्रिक अटेंडेंस और डिजिटल गवर्नेंस से प्रशासन मजबूत हुआ है। समारोह में स्कूली बच्चों की देशभक्ति प्रस्तुतियां और विभागीय झांकियों ने विकास यात्रा को जीवंत किया।
अंत में मुख्यमंत्री ने स्व. लक्ष्मण मस्तूरिया की पंक्तियों के माध्यम से जनभागीदारी का आह्वान करते हुए प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।


