ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 14 जनवरी। धान संग्रहण केंद्रों से नियमित रूप से धान का उठाव नहीं होने के कारण कोण्डागांव जिले में लगातार अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। इसी के चलते विभिन्न खरीदी केंद्रों में तनाव बढ़ता जा रहा था। बुधवार सुबह बनियागांव नेशनल हाईवे 30 पर धान खरीदी में हो रही परेशानी को लेकर आक्रोशित किसानों ने चक्काजाम कर दिया।
किसानों ने धान से लदे ट्रैक्टरों को बीच सड़क पर खड़ा कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे हाईवे के दोनों ओर यात्री बसों सहित सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। जाम की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी कौशलेंद्र देव पटेल, तहसीलदार मनोज रावटे और थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा लगातार किसानों से बातचीत कर चक्काजाम खुलवाने का प्रयास किया गया।
प्रदर्शन के दौरान किसान परेश कोर्राम ने बताया कि टोकन काटने में परेशानी और धान का उठाव नहीं होने के कारण खरीदी प्रभावित हो रही है। वहीं किसान सियाराम सोढ़ी ने आरोप लगाया कि वे लगातार धान बेचने के लिए टोकन कटवाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन टोकन नहीं कट पा रहा है। उनका दावा है कि 100 से अधिक किसानों का टोकन अब तक नहीं कट सका है।
इधर, बनियागांव के कांग्रेसी नेता नंदू दीवान ने धान खरीदी व्यवस्था को लेकर भाजपा की साय सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
मामले में तहसीलदार मनोज रावटे ने बताया कि धान बेचने में आ रही समस्याओं के कारण किसानों ने अचानक नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर दिया था।
किसानों की मांग के अनुसार व्यवस्थाओं को तत्काल सुचारु कराया गया, जिसके बाद सड़क पर लगाया गया चक्काजाम हटा लिया गया और यातायात बहाल हो सका।


