ताजा खबर
अकेले निकलने से किया गया है मना, रहे सतर्क
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 6 जनवरी। बस्तर जिले के तोकापाल ब्लॉक के खडिय़ापाल में 3 दिन पहले शेर के पंजे का निशान देखा गया था, जहाँ आज एक मवेशी का क्षत विक्षत शव देखा गया, जहाँ ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि शेर के द्वारा ही इसका शिकार किया गया है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों को अकेले निकलने से मना कर दिया गया है, साथ ही सतर्क रहने की हिदायत दिया गया है।
मामले के बारे में बताया जा रहा है कि तोकापाल ब्लाक के खडिय़ापाल में ग्रामीणों ने जंगल में एक शेर के पैर का निशान देखा गया था, जिसकी जानकारी वन विभाग को भी दी गई थी। वन विभाग के द्वारा मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करते हुए सतर्क रहने की बात कही थी, लेकिन मंगलवार की सुबह मारेंगा के जंगल मे एक मवेशी का शव मिला।
मामले की जानकारी लगते ही रेंजर राजकुमार मिश्रा ने गांव के लोगों को सावधान रहने के साथ ही अकेले घर से बाहर जाने से मना कर दिया है, जिससे कि किसी भी प्रकार से कोई अप्रिय घटना ना हो सके, इसके अलावा अगर किसी भी तरह से कोई गतिविधि दिखे तो तत्काल वन विभाग को सूचना देने की बात कही है।


