ताजा खबर

ध्यान भटकाकर एक लाख की चोरी, आरोपी ओडिशा सीमा से गिरफ्तार
06-Jan-2026 1:24 PM
ध्यान भटकाकर एक लाख की चोरी, आरोपी ओडिशा सीमा से गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 6 जनवरी। छत्तीसगढ़–ओडिशा बॉर्डर से एक शातिर चोर और एक विधि से संघर्षरत किशोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

मामला मस्तूरी क्षेत्र का है। पीड़िता प्रेम कुमारी कुर्रे 30 दिसंबर 2025 को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, से 1 लाख 2 हजार रुपये निकालकर पैदल स्टेट बैंक जा रही थीं।
मुख्य सड़क पर संतोष किराना दुकान के पास अज्ञात व्यक्ति ने उनके कपड़ों पर कचरा फेंक दिया। महिला कपड़े साफ करने में उलझ गई और इसी दौरान पेड़ की डगाल पर रखा रुपयों से भरा थैला चोर उड़ा ले गया।

घटना की रिपोर्ट मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। रजनेश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिससे आरोपियों की पहचान संभव हो सकी।

जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि आरोपी राज्य की सीमा पार करने की फिराक में हैं। घेराबंदी कर सचिन ध्रुव (22 वर्ष), निवासी ग्राम भीमखोज, थाना खल्लारी, जिला महासमुंद और उसके साथ एक विधि से संघर्षरत किशोर को छत्तीसगढ़–ओडिशा बॉर्डर से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उनके कब्जे से चोरी की रकम में से 20 हजार रुपये बरामद किए गए।
आरोपी सचिन ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

 


अन्य पोस्ट