ताजा खबर
भगवान बाहुबली के नाम के दुरुपयोग पर रोक की मांग
रायपुर, 5 जनवरी। छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने जैन धर्म के आराध्य भगवान बाहुबली के पवित्र नाम के दुरुपयोग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है।
सोसायटी की ओर से प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि भगवान बाहुबली अहिंसा, तप, त्याग और आत्मसंयम के सर्वोच्च प्रतीक हैं। वे न केवल जैन समाज, बल्कि सम्पूर्ण भारतीय संस्कृति में उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
पत्र में चिंता जताई गई है कि वर्तमान समय में “बाहुबली” जैसे पवित्र नाम का प्रयोग अपराधी, गैंगस्टर और माफिया तत्वों के लिए मीडिया, ओटीटी प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और यहां तक कि कुछ प्रशासनिक दस्तावेजों में भी किया जा रहा है।
यह प्रवृत्ति अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि इससे भगवान बाहुबली के सम्मान को ठेस पहुंचती है और जैन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।
सोसायटी का कहना है कि इस तरह के शब्द प्रयोग समाज में नकारात्मक मानसिकता को बढ़ावा देते हैं और धार्मिक प्रतीकों का अनादर करते हैं।
छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने पत्र में आग्रह किया है कि सरकार इस गंभीर विषय पर संज्ञान ले और स्पष्ट दिशा निर्देशों के माध्यम से सार्वजनिक भाषा, मीडिया, ओटीटी, सोशल मीडिया, राजनीति और प्रशासनिक संवाद में भगवान बाहुबली एवं अन्य धार्मिक आराध्यों के नामों के आपत्तिजनक दुरुपयोग को दंडनीय अपराध घोषित किया जाए।


