ताजा खबर
रायपुर, 1 जनवरी। आल इंडिया इंश्योरेंस एम्प्लाइज एसोसिएशन (AIIEA) का 27वां महासम्मेलन भुवनेश्वर में आयोजित किया गया।
पांच दिनों तक चले सम्मेलन में देश भर से करीब 2000 प्रतिनिधि और पर्यवेक्षक शामिल हुए।
सम्मेलन में नए पदाधिकारियों का चुनाव भी हुआ। सर्वसम्मति से रायपुर (छत्तीसगढ़) के धर्मराज महापात्र को अध्यक्ष, हैदराबाद के श्रीकांत मिश्रा को महासचिव और बी.एस. रवि को कोषाध्यक्ष चुना गया।
इस सम्मेलन ने बीमा कर्मचारियों के हितों की रक्षा और सार्वजनिक क्षेत्र के बीमा को बचाने की दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई।
सम्मेलन ने श्रमिकों के खिलाफ नए श्रम कानूनों का विरोध करते हुए 12 फरवरी 2026 को केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की हड़ताल को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया। साथ ही, बीमा कर्मचारियों के वेतन संशोधन की मांग को लेकर 9 जनवरी को होने वाली हड़ताल के साथ भी एकजुटता दिखाने का संकल्प लिया गया।
संगठन को मजबूत बनाने के लिए अलग-अलग स्तरों पर ट्रेड यूनियन स्कूल चलाने और युवा नेताओं को प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया गया।


