ताजा खबर

भारत माला प्रोजेक्ट मुआवजा घोटाला: देर रात तक ईडी के अफसर जांच में जुटे रहे, अब तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं
30-Dec-2025 3:04 PM
भारत माला प्रोजेक्ट मुआवजा घोटाला: देर रात तक ईडी के अफसर जांच में जुटे रहे, अब तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 30 दिसंबर।
भारत माला प्रोजेक्ट के मुआवजा घोटाला मामले को लेकर महासमुंद में दो जगहों पर सोमवार को तड़के साढ़े पांच बजे ईडी प्रवर्तन निदेशालय ने छापेमार कार्रवाई की। ईडी की टीम 4 गाडिय़ों में पहुंची थी। इसमें 16 लोग सवार थे। इसमें 8 ईडी के अफसर और 8 सीआरपीएफ  के जवान शामिल थे। दो गाडिय़ों में 8 सीआरपीएफ  के जवान थे। दोनों ही टीम ने एक साथ दोनों घरों में दबिश दी।।
टीम पहले हरमीत खनूजा की तहसीलदार पत्नी रविंदर कौर रूबी के पिता ट्रांसपोर्टर हरमीत सिंह चावला के पंजाबी पारा स्थित घर में पहुंची। हरमीत सिंह चावला रिश्ते में हरमीत खनूजा के ससुर हैं। टीम पूरे दिन रिकार्ड खंगालने में लगी रही। देर रात 8 बजे तक ईडी के अधिकारी जांच में जुटे रहे। इसके अलावा टीम दस्तावेज की जांच करती नजर आई। घर के बाहर चार सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे। घर के भीतर किसी को भी जाने की अनुमति नहीं दी गई थी।

मुआवजा घोटाले के मुख्य आरोपी हैं हरमीत खनूजा

जानकारी अनुसार ईडी को जांच में आरोपी के ससुर हरमीत के पास घोटाले से जुड़े पैसे के लेन-देन के साथ कई अहम जानकारी मिली है। भारत माला परियोजना रायपुर- विशाखापटनम कॉरीडोर भू-अर्जन मुआवजा घोटाले में हरमीत सिंह खनूजा मुख्य आरोपी हैं। वे प्रापर्टी डीलर भी हैं। हरमीत ने अपनी पहली पत्नी को तलाक देकर हरमीत सिंह चावला की बेटी रविंदर कौर से शादी की थी।
टीम महासमुंद के मंडी रोड स्थित मेघ बसंत कालोनी में जसबीर सिंह बग्गा के निवास में भी पहुंची। जसबीर होंडा शोरुम के मालिक है। साथ ही कारोबारी भी हैं। कारोबारी जसबीर सिंह बग्गा इन्वेस्टर हंै। जिन्होंने भारत माला प्रोजेक्ट में रास्ते आने वाली जमीन पर इन्वेस्ट किया था। महासमुंद में टीम ने रात 8 बजके तक कार्रवाई की। देर रात तक जांच चलती रही लेकिन मामले में समाचार लिखते तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
 

ईडी अफसरों के मुताबिक भारत माला परियोजना के तहत रायपुर विशाखापटनम आर्थिक कॉरीडोर के लिए भूमि अधिग्रहण में मुआवजा भुगतान को लेकर गड़बड़ी हुई है। कारोबारी जसबीर सिंह बग्गा के घर और शो-रूम के एकाउंटेट भी खंगाले गये हैं।


अन्य पोस्ट