ताजा खबर

एनएमडीसी किरंदुल एसपी 1 की पिन्नाकल टीम ने नेशनल लेवल क्वालिटी सर्किल में जीता एक्सीलेंट अवार्ड
29-Dec-2025 8:49 PM
एनएमडीसी किरंदुल एसपी 1 की पिन्नाकल टीम ने नेशनल लेवल क्वालिटी सर्किल में जीता एक्सीलेंट अवार्ड

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बचेली/किरंदुल, 29 दिसंबर। दंतेवाड़ा जिले की लौह अयस्क खनन क्षेत्र की नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम एनएमडीसी लिमिटेड की किरंदुल परियोजना ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराया है। किरंदुल परियोजना के छनन संयंत्र-1 (एसपी-1) की पिन्नाकल क्वालिटी सर्किल टीम ने ग्रेटर नोएडा में आयोजित 39वें नेशनल कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट (एनसीक्यूसी-2025) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 'एक्सीलेंट अवॉर्ड' अपने नाम किया।

यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया (क्यूसीएफआई) द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें देशभर की अग्रणी सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र की कंपनियों की टीमों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच पिन्नाकल टीम की प्रस्तुति को निर्णायक मंडल द्वारा उच्चतम श्रेणी में आंका गया।

पिन्नाकल टीम ने अपने प्रोजेक्ट 'लंप ओर स्टैकर के व्हील ट्रैक स्क्रैपर' पर आधारित केस-स्टडी प्रस्तुत की। यह प्रोजेक्ट परिचालन दक्षता, रख-रखाव में सुधार और उत्पादन प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित व किफायती बनाने से जुड़ा है। टीम की इस तकनीकी नवाचारपूर्ण प्रस्तुति ने निर्णायकों और विशेषज्ञों से विशेष सराहना प्राप्त की।

नेशनल लेवल पर अवॉर्ड प्राप्त करना परियोजना, छनन संयंत्र-1 और पूरे एनएमडीसी परिवार के लिए गर्व का विषय है। इस उपलब्धि में फैसिलिटेटर डी. लोकेश्वर, टीम लीडर संतोष रात्रे, सदस्य जयपाल यादव, लाला लाजपत अग्रवाल, राजेन्द्र भारती एवं दीपक डे का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

विदित हो कि क्वालिटी सर्किल फोरम ऑफ इंडिया एक गैर-लाभकारी राष्ट्रीय संस्था है, जो उद्योगों में गुणवत्ता सुधार, नवाचार और कर्मचारी सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलनों का आयोजन करती है।


अन्य पोस्ट