ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 दिसंबर। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर राजनीतिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर शहर और ग्रामीण इकाई के कार्यकर्ताओं ने करबला रोड स्थित जिला भाजपा कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया।
भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद कांग्रेसी वहीं धरने पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान लोकतंत्र पर हमले और विपक्ष को दबाने की राजनीति के खिलाफ आवाज बुलंद की गई।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेतृत्व को झूठे मामलों में बार-बार परेशान कर रही है। कार्यकर्ताओं के हाथों में ‘सत्यमेव जयते’ के नारे लिखी तख्तियां और राहुल गांधी व सोनिया गांधी के पोस्टर नजर आए।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय तक पहुंचने से रोक दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने कहा कि पीसीसी के प्रांतव्यापी आह्वान पर यह प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नेशनल हेराल्ड मामले में यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से करीब 50 घंटे पूछताछ की है और कोर्ट ने इस मामले में ईडी को फटकार लगाते हुए, संज्ञान लेने से भी मना कर दिया।


