ताजा खबर
पिछले साल के मुकाबले लगभग दो गुना ज्यादा वसूली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 दिसंबर। अप्रैल 2025 से नवंबर 2025) के दौरान मंडल वाणिज्य विभाग ने टिकट चेकिंग को लेकर व्यापक अभियान चलाया। चेकिंग स्टाफ ने मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों और यात्री ट्रेनों में सघन जांच की।
इस अवधि में करीब 2 लाख 40 हजार मामले आए, जिससे 12 करोड़ 58 लाख रुपये का राजस्व मिला। रेलवे के मुताबिक, पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में मामलों की संख्या में 86 प्रतिशत और आय में 86.42 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
दिसंबर 2025 के पहले 15 दिनों में विशेष टिकट चेकिंग अभियानों के तहत मंडल ने 17,082 मामलों से 85 लाख 54 हजार 167 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की। इनमें बिना टिकट यात्रा के 11,478 मामले थे, जिससे 64 लाख 44 हजार 017 रुपये वसूल हुए। अनियमित टिकट के 4,248 मामलों से 19 लाख 69 हजार 665 रुपये मिले। बुक किए बिना लगेज के 1,356 मामलों से 1 लाख 40 हजार 485 रुपये जुर्माना वसूल किया गया। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में मामलों में 77 प्रतिशत और आय में 97 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।


