ताजा खबर

बैज ने कहा- पात्रों को आवास देना सरकार की मंशा नहीं, साव बोले- हो सकता है किसी अपात्र को भी लाभ मिला हो
18-Dec-2025 10:05 PM
बैज ने कहा- पात्रों को आवास देना सरकार की मंशा नहीं, साव बोले-  हो सकता है किसी अपात्र को भी लाभ मिला हो

रायपुर, 18 दिसंबर। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सीएजी की रिपोर्ट में अपात्र लोगों को भी योजना का लाभ मिलने की बात सामने आने पर पीसीसी चीफ ने  सरकार पर निशाना साधा है, तो वहीं डिप्टी सीएम  ने जांच और कार्रवाई की बात कही है। दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार के 2 साल पूरे हो गए हैं। सरकार बनने के बाद कितने पीएम आवास स्वीकृत किए गए? पीएम आवास के नाम पर जनता से झूठ बोलने का काम किया गया। पात्र हितग्राहियों को आवास मिले, यह सरकार की मंशा नहीं है।

 इस पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि अपात्र लोगों की जानकारी आएगी, उस तरह से नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जब इतना बड़ा अभियान चलता है तो हो सकता है कि किसी अपात्र व्यक्ति को भी लाभ मिला हो। पीएम आवास के माध्यम से लोगों के सपने साकार हो रहे हैं। जहां कहीं भी गड़बड़ी होगी, वहां निश्चित रूप से संज्ञान लिया जाएगा।

बैज कांग्रेस सरकार का कच्चा चिट्ठा खोल रहे- अमित

वहीं पार्टी प्रवक्ता अमित  चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष कैग की रिपोर्ट पढ़ कर भाजपा को कोस रहे थे,बता रहे थे प्रधानमंत्री आवास नहीं बनने दिए गए,अपात्र लोगो को आवास दिए गए परन्तु वो भूल गए थे कि वो अपनी ही पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार का कच्चा चिट्ठा खोल रहे है क्योंकि कैग की रिपोर्ट कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की आई है ,भाजपा की नहीं और इस प्रकार से बेड़ा गर्ग हो गया ?क्या दीपक बैज जी ने भूल वश यह किया है या  बघेल की सरकार के काले कारनामों को खुद से खोलकर उनकी सच्चाई जनता तक पहुंचाई है?


अन्य पोस्ट