ताजा खबर
भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच बुधवार को चौथा टी-20 मैच लखनऊ में 'घने कोहरे' की वजह से रद्द हो गया. इसके बाद स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में नाराज़गी दिखी.
साथ ही सोशल मीडिया पर भी प्रदूषण स्तर को लेकर काफ़ी नाराज़गी देखी गई.
मैच रद्द होने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उत्तर भारत के ज़्यादातर शहरों में 'घना स्मॉग' है और विज़िबिलिटी इतनी ख़राब है कि मैच कराना संभव नहीं है.
उन्होंने कहा, "मैच तिरुवनंतपुरम में होना चाहिए था, जहां वर्तमान में एक्यूआई लगभग 68 है."
बुधवार को भी शशि थरूर ने क्रिकेट मैचों को केरल में कराने की मांग की. उनका और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें दोनों क्रिकेट मैचों की शेड्यूलिंग पर संसद परिसर में चर्चा कर रहे हैं.
इस वीडियो में शशि थरूर राजीव शुक्ला से कहते दिखते हैं, "जनवरी में उत्तर भारत में मैच रखने की बजाय केरल में रखा जाना चाहिए."
इस पर राजीव शुक्ला जवाब देते हैं कि 15 दिसंबर से 15 जनवरी तक के मैचों के शेड्यूलिंग पर ध्यान देना होगा. वह यह भी कहते हैं कि केरल को मैच मिलते हैं. ये रोटेशन पॉलिसी के तहत होता है.
इसके बाद राजीव शुक्ला मज़ाकिया अंदाज़ में कहते हैं कि 'सारे मैच केरल में थोड़े शिफ़्ट कर दिए जाएंगे.' इस पर शशि थरूर हंसते हैं. (bbc.com/hindi)


