ताजा खबर

उत्तर प्रदेश: शख़्स ने की पत्नी और दो बेटियों की हत्या, पुलिस का दावा - पत्नी के बुर्का न पहनने से था नाराज़
18-Dec-2025 9:22 AM
उत्तर प्रदेश: शख़्स ने की पत्नी और दो बेटियों की हत्या, पुलिस का दावा - पत्नी के बुर्का न पहनने से था नाराज़

सैयद मोज़िज़ इमाम

शामली के एसएसपी एनपी सिंह ने कहा है कि एक शख़्स ने बुर्का न पहनने की वजह से अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक़, अभियुक्त ने पत्नी की हत्या के अपराध को छिपाने के लिए अपनी दो बेटियों की भी हत्या की है. इसके बाद अभियुक्त ने तीनों के शवों को अपने ही घर में दफ़ना दिया.

इस घटना की जानकारी तब सामने आई, जब परिवार के अन्य सदस्यों ने अभियुक्त की पत्नी और बच्चियों की गुमशुदगी को लेकर ग्राम प्रधान की मदद से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस के मुताबिक़, अभियुक्त फ़ारूक़ के कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे शामिल हैं.

एसएसपी एनपी सिंह ने बताया, "फ़ारूक़ की पत्नी एक महीने पहले मायके जाने के लिए कुछ पैसे मांग रही, इसको लेकर विवाद हुआ और वह बिना बुर्का पहने मायके चली गई. इससे फ़ारूक़ को लगा कि उसकी पत्नी उसकी इज़्ज़त नहीं करती है. इसके बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई."

पुलिस अधिकारी के मुताबिक़, "9-10 दिसंबर की रात लगभग 12 बजे जब फ़ारूक़ के पांचों बच्चे सो रहे थे, तभी उसने चाय के बहाने पत्नी को जगाया. जैसे ही पत्नी आंगन में आई उसने गोली मार दी."

एसएसपी ने बताया, "गोली की आवाज़ सुनकर फ़ारूक़ की 14 साल की बेटी बाहर आई. फ़ारुक़ ने उसे भी गोली मार दी. इसके बाद छह वर्षीय छोटी बेटी बाहर आई. फ़ारुक़ ने उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी."

पुलिस के मुताबिक़, अभियुक्त ने बताया कि उसने योजनाबद्ध तरीक़े से छह दिन पहले ही शौचालय के बहाने घर में गड्ढा खोद रखा था और उसने तीनों के शवों को उसी गड्ढे में दफना दिया.

पुलिस ने मौक़े से तीनों के शवों को बरामद कर लिया है और अभियुक्त से आगे की पूछताछ जारी है. इसके अलावा कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं.

एसएसपी ने मुताबिक़, अभियुक्त फ़ारूक़ ने तीनों की हत्या का गुनाह कबूल कर लिया है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट