ताजा खबर
बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन ने बुधवार को बयान दिया कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार और भारत के बीच संबंधों में 'तनाव' है.
उन्होंने यह भी कहा कि बुधवार को भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से बांग्लादेश के उच्चायुक्त को दिल्ली में तलब करना 'बहुत अप्रत्याशित नहीं' था.
बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, तौहीद हुसैन ने बुधवार दोपहर ढाका में विदेश मंत्रालय की एक ब्रीफ़िंग में ये बयान दिए.
इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त को तलब किया और ढाका स्थित भारतीय मिशन के आसपास अपनी सुरक्षा चिंताओं से अवगत कराया.
इस पर बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार ने कहा, "यह कोई बहुत अप्रत्याशित घटना नहीं है. ऐसा अक्सर होता रहता है. जब एक व्यक्ति को बुलाया जाता है, तो दूसरे को भी बुलाया जाता है."
उन्होंने आगे कहा, "यह स्वीकार करना बेहतर है कि इस अंतरिम सरकार के आने से लेकर आज तक भारत के साथ तनाव बना हुआ है."
हालांकि, विदेश मामलों के सलाहकार ने कहा कि मौजूदा सरकार भारत के साथ अच्छे संबंध बनाने की कोशिश कर रही है.
उन्होंने कहा, "लेकिन यह सिर्फ़ हमारी इच्छा से नहीं होगा. दोनों पक्षों को संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करने होंगे."
इससे पहले ढाका में भारतीय उच्चायोग तक निकाले जा रहे मार्च को पुलिस ने रोक दिया.
बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, बुधवार की दोपहर जब प्रदर्शनकारियों ने भारतीय उच्चायोग की ओर मार्च करना शुरू किया, तो पुलिस ने उत्तरी बड्डा में बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया. (bbc.com/hindi)


