ताजा खबर

शामली ट्रिपल मर्डर केस पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने क्या कहा?
18-Dec-2025 8:48 AM
शामली ट्रिपल मर्डर केस पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने क्या कहा?

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शामली ट्रिपल मर्डर केस पर दुख जताते हुए इस मामले में कड़ी कार्रवाई की बात कही है.

शामली के एसएसपी एनपी सिंह ने बुधवार को कहा है कि एक शख़्स ने 'बुर्क़ा न पहनने' की वजह से अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक़, "अभियुक्त ने पत्नी की हत्या के अपराध को छिपाने के लिए अपनी दो बेटियों की भी हत्या की है. इसके बाद अभियुक्त ने तीनों के शवों को अपने ही घर में दफ़ना दिया."

इस घटना पर ब्रजेश पाठक ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए जो घर के अंदर अपने परिवार, अपनी पत्नी के साथ इतनी क्रूरता बरतते हैं."

उन्होंने कहा, "हम पुलिस अधिकारियों से कहेंगे कि किसी भी व्यक्ति को न छोड़ा जाए और जो भी दोषी है उसके ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई हो."

शामली पुलिस के मुताबिक़, अभियुक्त फ़ारूक़ के कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे शामिल हैं.

एसएसपी एनपी सिंह ने बताया, "फ़ारूक़ की पत्नी एक महीने पहले मायके जाने के लिए कुछ पैसे मांग रही, इसको लेकर विवाद हुआ और वह बिना बुर्का पहने मायके चली गई. इससे फ़ारूक़ को लगा कि उसकी पत्नी उसकी इज़्ज़त नहीं करती है. इसके बाद उसने पत्नी की हत्या की योजना बनाई."

पुलिस अधिकारी के मुताबिक़, "9-10 दिसंबर की रात लगभग 12 बजे जब फ़ारूक़ के पांचों बच्चे सो रहे थे, तभी उसने चाय के बहाने पत्नी को जगाया. जैसे ही पत्नी आंगन में आई उसने गोली मार दी."

एसएसपी ने बताया, "गोली की आवाज़ सुनकर फ़ारूक़ की 14 साल की बेटी बाहर आई. फ़ारुक़ ने उसे भी गोली मार दी. इसके बाद छह वर्षीय छोटी बेटी बाहर आई. फ़ारुक़ ने उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट