ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 17 दिसंबर। आज कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े तेवड़ा में एक मतांतरित ग्रामीण के शव दफन को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कुछ ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों को चोटें आई हंै। हालात को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन के अनुसार फिलहाल हालात काबू में हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के सरपंच रजमन सलाम के पिता चमराराम सलाम का रविवार को अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। इसके बाद परिवार द्वारा गांव में ही उनका दफन किया गया। इस पर गांव के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और प्रशासन को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन देर शाम तक सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद ग्रामीण अपने-अपने घर लौट गए।
बुधवार को मामला और गंभीर हो गया, जब कुछ ग्रामीण मतांतरित ग्रामीण का शव कब्र से बाहर निकालने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान शव को निकालने की कोशिश भी की गई, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के कारण ऐसा नहीं हो सका।
इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, जिसमें कुछ लोगों को चोटें आईं। पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी दी गई है।
स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर मोर्चा संभाला और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रशासन द्वारा लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


