ताजा खबर
लिमिट बढ़ाने की मांग पर सडक़ पर उतरे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 17 दिसंबर। बुधवार को कोंडागांव जिले के माकड़ी ब्लॉक अंतर्गत धान खरीदी केंद्र बवई में अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने सडक़ जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि धान बिक्री के लिए टोकन नहीं काटे जा रहे हैं, जिससे वे मजबूरी में सडक़ पर उतरने को विवश हुए। प्रदर्शन कर रहे किसान धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि बवई धान उपार्जन केंद्र जिले का सबसे बड़ा खरीदी केंद्र माना जाता है। पिछले वर्ष इसी केंद्र से 70 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हुई थी, जबकि इस वर्ष एक माह बीत जाने के बाद भी अब तक 15 हजार क्विंटल से भी कम धान की खरीदी हो पाई है। इससे किसानों में भारी असंतोष व्याप्त है।
सडक़ जाम की सूचना मिलते ही माकड़ी थाना प्रभारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आरोप लगाया कि इतने बड़े धान खरीदी केंद्र होने के बावजूद कलेक्टर द्वारा अब तक एक बार भी क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा नहीं लिया गया, जिससे किसानों में रोष और बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि वे पहले ही ज्ञापन के माध्यम से लिमिट बढ़ाने की मांग कलेक्टर को सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अमला मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने में जुटा हुआ है।


