ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 दिसंबर। रायगढ़ जिले के तमनार में अवैध पेड़ कटाई और आदिवासियों को शोषण का मामला आज विधानसभा में गूंजा। तीसरे दिन शून्य काल में स्थगन प्रस्ताव के जरिए कांग्रेस विधायकों ने यह मामला उठाया।
कांग्रेस विधायकों ने सदन के सारे काम रोक कर चर्चा करने की मांग की है । कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाते हुए कहा कि रायगढ़ जिले के तमनार में ग्रामीणों की सहमति के बिना पेड़ काटे जा रहे हैं, पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में बदल दिया गया, जनसुनवाई भी पूरी तरह से फर्जी तरीके से हुई है, सिर्फ 15 मिनट में दूसरे जगह जाकर फर्जी तरीके से जनसुनवाई की गई है । विपक्ष की मांग थी कि इस विषय पर चर्चा हो, लेकिन वन मंत्री का जवाब सुनने के बाद विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने विपक्ष की मांग को अस्वीकार कर दिया।
इसमें बाद विपक्षी विधायक गर्भगृह में प्रवेश कर लगाए ‘एक पेड़ मां के नाम, बाकी पेड़ अडानी के नाम’ के नारे और ‘आदिवासियों को परेशान करना बंद करो’ के नारे। गर्भगृह में प्रवेश करने के कारण विपक्ष के विधायकों को निलंबित कर दिया गया।


