ताजा खबर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 16 दिसंबर । बीती रात बैजनाथपारा की संकरी गलियों में बिना नंबर प्लेट लगी एक स्कॉर्पियो में दो युवकों ने बेकाबू तरीके से ड्राइव करते हुए कई दुकानों और खड़े वाहनों को टक्कर नुकसान पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक स्कॉर्पियो कार तेज आवाज के साथ बैजनाथ पारा में घुसी। और एक के बाद एक कई दुकानों के शटर व दोपहिया वाहनों को टक्कर मारता हुआ आगे बढ़ता रहा। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ लोग बाल-बाल बच गए। इन लोगों ने कार सवारों को रोक विरोध किया तो ड्राइव कर रहे युवक ने कहा कि 25 लाख की कार है चलेगी तो हलचल तो होगी। यह कहकर वह चला गया और फिर यूं टर्न लेकर वापस लौटकर पुनः विवाद करने लगा। इस बार उसने अपने पास रखा पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी दिखाया। तब तक कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी गई थी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने स्कार्पियो समेत सवार दोनों युवकों को अपने कब्जे में लिया।
कांग्रेस के कार्यकर्ता को पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ पुलिस ने पकड़ा , कोतवाली पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक सिक्स राउंड पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस मिले हैं, गिरफ्तार युवक का नाम राहुल ठाकुर है, जो युवक कांग्रेस का पदाधिकारी है,उसके पास से कुछ नशीले पदार्थ भी मिलने की जानकारी मिली है। उसके साथी का नाम पारस वाधवा है उसे भी पुलिस पकड़ लाई है।
कोतवाली थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह ने बताया कि कार चालक की पहचान राहुल ठाकुर के रूप में हुई है, जो पुरानी बस्ती क्षेत्र का निवासी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि राहुल ठाकुर शराब के नशे में वाहन चला रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के पास से एक पुरानी पिस्टल भी बरामद की गई है, जिसे जब्त कर लिया गया है।पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल ठाकुर कोई इससे पहले भी मंदिर हसौद क्षेत्र में एक क्लब में जबरन घुसकर तोड़फोड़ करने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इसके अलावा अमलेश्वर थाना क्षेत्र में जुआ खेलते हुए भी उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है।
स्कॉर्पियो, पिस्तौल जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने, लापरवाही से वाहन चलाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन पर नंबर प्लेट क्यों नहीं लगी थी और हथियार की वैधता क्या है।


