ताजा खबर

'वोट चोरी' कांग्रेस का मुद्दा, ‘इंडिया’ गठबंधन का इससे कोई लेना-देना नहीं: उमर अब्दुल्लाह
16-Dec-2025 10:35 AM
'वोट चोरी' कांग्रेस का मुद्दा, ‘इंडिया’ गठबंधन का इससे कोई लेना-देना नहीं: उमर अब्दुल्लाह

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने कांग्रेस की ओर से उठाए गए 'वोट चोरी' के मुद्दे से अपनी पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस को अलग बताया है. उन्होंने ये भी कहा कि विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन का इससे कोई लेना-देना नहीं है.

सोमवार को उमर अब्दुल्लाह ने कहा, " इंडिया गठबंधन को इससे कोई लेना-देना नहीं है. हर राजनीतिक दल को खुली छूट है कि वो अपने हिसाब से अपने राजनीतिक एजेंडा को सेट करे."

"अब कांग्रेस ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न) या वोट चोरी को अपना मुख्य राजनीतिक मुद्दा बनाया है. ठीक है, हम कौन होते हैं उनसे कहने वाले कि वो ना करें. हम अपने मुद्दे चुनेंगे, वो अपने मुद्दे चुनें."

इससे एक दिन पहले कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने दिल्ली के रामलीला मैदान में मोदी सरकार पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए एक रैली की थी.

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, "उनके (बीजेपी के) पास सत्ता है, वे वोट चोरी करते हैं...चुनाव के समय वे 10 हज़ार रुपये देते हैं."

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का नाम लेकर आरोप लगाया, "चुनाव आयोग बीजेपी सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है."

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने चुनाव आयुक्त के लिए क़ानून बदला, नया क़ानून लेकर आए और कहा कि चुनाव आयुक्त कुछ भी करे, उन पर एक्शन नहीं लिया जा सकता, उन पर कार्रवाई नहीं हो सकती...हम इस क़ानून को बदलेंगे."

वहीं बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस की रैली पर कहा, "रामलीला मैदान में राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और कांग्रेस पार्टी ने रैली करके चुनाव आयुक्त, चुनाव आयोग के ख़िलाफ़ जहर उगला है... यह पहली बार नहीं है...मगर उनके भाषा का स्तर देखिए, नाम लेकर उन्हें (चुनाव आयुक्तों को) धमकाना कहीं न कहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की चुनाव प्रणाली को अपमानित करने की कोशिश करना है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट