ताजा खबर
नए आवासीय परिसर का लोकार्पण किया मुख्य न्यायाधीश ने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 15 दिसंबर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायिक कर्मचारियों के लिए निर्मित नए आवासीय परिसर का लोकार्पण रविवार को सेक्टर-2, बोदरी में किया गया। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने विधिवत उद्घाटन कर कर्मचारियों को आवंटित आवासों की चाबियां सौंपीं।
इस अवसर पर जस्टिस सिन्हा ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल भवन उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि उन कर्मचारियों के प्रति सम्मान है, जो पर्दे के पीछे रहकर बिना किसी अपेक्षा के न्यायिक व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने में योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक शक्ति उसके कर्मचारी होते हैं और कर्मचारी संतुष्ट होंगे तभी पूरी निष्ठा से कार्य कर पाएंगे।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि सुविधाजनक आवास कर्मचारियों की बुनियादी आवश्यकता है। हाईकोर्ट के समीप यह आधुनिक आवासीय सुविधा मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों की आवासीय समस्याएं दूर होंगी। साथ ही उपस्थिति में नियमितता, कार्य में सहजता और दक्षता बढ़ेगी, जिससे न्यायिक कार्यवाही भी तेजी से आगे बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने एक कर्मचारी की बुजुर्ग दादी को मंच पर आमंत्रित कर पौधा भेंट किया और उनसे नए आवासों में रहने वाले सभी परिवारों के सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद देने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 5 सितंबर 2025 को इसी परिसर में कर्मचारियों को 80 एच-टाइप आवास आवंटित किए गए थे। रविवार को कुल 7 ब्लॉकों का उद्घाटन किया गया, जिनमें प्रत्येक ब्लॉक में 16 आवास हैं। इस प्रकार 112 टाइप-1 आवास निर्मित किए गए हैं। प्रत्येक आवास में एक शयनकक्ष, रसोई, बहुउपयोगी कक्ष और दो स्नानगृह हैं। सभी ब्लॉकों में लिफ्ट और ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग सुविधा उपलब्ध है।
मुख्य न्यायाधीश सिन्हा के कार्यभार संभालने के बाद राज्यभर में न्यायिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। दूरस्थ जिलों और अधीनस्थ न्यायालयों के भ्रमण के माध्यम से अधिवक्ताओं, वादियों और कर्मचारियों को हो रही असुविधाओं को दूर करने की दिशा में व्यापक विकास कार्य चल रहे हैं।
लोकार्पण समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू, जस्टिस रजनी दुबे, जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास (भवन एवं आवास प्रबंधन समिति अध्यक्ष), जस्टिस नरेश कुमार चंद्रवंशी, जस्टिस दीपक कुमार तिवारी, जस्टिस सचिन सिंह राजपूत, जस्टिस संजय कुमार जायसवाल, जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल, जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा, जस्टिस बिभु दत्त गुरु और जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन अतिरिक्त रजिस्ट्रार (प्रशासन) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर रजिस्ट्रार जनरल, अन्य न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन भी मौजूद रहे।


