ताजा खबर
सद्गुरु कबीर संत समागम में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 15 दिसंबर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू रविवार को बिलासपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित सद्गुरु कबीर संत समागम में शामिल हुए। आयोजन सद्गुरु कबीर धर्मदास वंश मिशन के तत्वावधान में हुआ। इस अवसर पर पंथ हुजूर उदितमुनि नाम साहेब के आगमन पर राज्य मंत्री ने आरती में भाग लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
समारोह को संबोधित करते हुए साहू ने कहा कि संत कबीर दास का विचार दर्शन आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि सत्य, समरसता, समानता, मानवता और आडंबर रहित समाज का संदेश आज के समाज को जोड़ने और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का मार्ग दिखाता है।
संत परंपरा का यह आध्यात्मिक संदेश सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
इसके बाद राज्य मंत्री छत्तीसगढ़ मिड-डे मील रसोइया कल्याण संघ के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने स्कूलों में बच्चों को पोषण और स्वास्थ्य उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका की सराहना की। साहू ने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है और इसमें रसोइयों की सेवा भावना अत्यंत सराहनीय है। साहू ने कहा कि सरकार रसोइयों के कल्याण, सम्मान और हितों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


