ताजा खबर
कंतेली प्राथमिक विद्यालय के लिए 4.54 करोड़ मंजूर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 15 दिसंबर। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू के प्रयासों से मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय, कंतेली के समग्र विकास के लिए 4 करोड़ 54 लाख 15 हजार रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत की गई है।
यह वही सरकारी विद्यालय है, जहां से साहू ने स्वयं अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। राशि कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत स्वीकृत की गई है। परियोजना के तहत विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा मिल सके।
स्वीकृत परियोजना के अंतर्गत विद्यालय में आधुनिक आधारभूत संरचना, छात्र-अनुकूल कक्षाओं का निर्माण, समावेशी शिक्षण सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और आवश्यक शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इससे बच्चों के सीखने का स्तर बेहतर होने की उम्मीद है।
एसईसीएल बोर्ड की सीएसआर समिति के निर्देशानुसार, इस पूरे विकास कार्य का क्रियान्वयन एसईसीएल के सिविल विभाग द्वारा किया जाएगा। कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।


