ताजा खबर
दो साल पूरे होने पर मंत्रियों संग सीएम की मीडिया से चर्चा
पिछली सरकार का पाप धो रहे-साय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 दिसंबर। सरकार के दो साल पूरे होने पर सीएम विष्णुदेव साय शुक्रवार को मीडिया से रूबरू हुए, और अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने कहा कि चुनौतियां बहुत सी थीं और अब भी है, लेकिन हम जनता का विश्वास जीतने में सफल रहे। श्री साय ने पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि हम उनका पाप धो रहे हैं।
श्री साय न्यू सर्किट हाऊस में अपने मंत्रियों के साथ उपस्थित हुए। एक-एक कर उन्होंने अपने सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। सीएम ने कहा कि दो साल अनेकों उपलब्धियां हैं। पिछली सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र में एक भी मकान नहीं बनाया था। सरकार बनते ही पहले कैबिनेट में 18 लाख आवास निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
उन्होंने कहा कि मकान पूरे हो चुके हैं और बन भी रहे हैं। इससे लोगों का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है। श्री साय ने कहा कि लगातार तीसरे साल 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी हो रही है। पहले साल अंतर की राशि किसानों के खाते में भेज दिया गया था। सीएम कहा कि 25 दिसंबर को अटलजी के जन्मदिन के मौके पर 13 लाख किसानों को बकाया 3716 करोड़ का बोनस भुगतान किया था जिसे पिछली सरकार ने नहीं दिया था।
उन्होंने कहा कि वादा था महिलाओं को आर्थिक तौर पर मजबूत करने का। महतारी वंदन योजना के जरिए महिलाओं को एक हजार रुपये महीना दिया जा रहा है। जिसकी 22 किश्त जारी हो चुकी है। कुल मिलाकर 14 हजार 306 करोड़ रुपये महिलाओं के खाते में दिए गए हैं।
सीएम ने कहा कि 73 लाख परिवार को मुफ्त राशन और 5 लाख 62 हजार भूमिहीन कृषकों को 10 हजार रुपये सालाना दिए जा रहे हैं। पीएससी के प्रति बेटे-बेटियों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने नक्सलवाद का जिक्र करते हुए कहा कि हमने पूरी ताकत से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है। जबकि पिछले 5 साल में कांग्रेस सरकार नहीं लड़ पाई थी। हमारी सरकार नियद नेल्लार योजना के जरिए गांव में विकास कार्य करा रहे हैं।
उन्होंने तीर्थयात्रा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि 5 हजार लोगों को तीर्थयात्रा कराया जा चुका है। सीएम ने कहा कि सरकार ने नई उद्योग नीति को मंजूरी दी और इसका परिणाम यह रहा है कि 8 लाख करोड़ निवेश के प्रस्ताव मिल चुके हैं। नए उद्योग लग रहे हैं। सरकार ने नौकरी देने वाले उद्योगों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लाई है।
सीएम ने कहा कि बड़े साहस से स्कूलों का युक्ति युक्तकरण किया गया है। प्रदेश के सभी स्कूलों में शिक्षक पहुंचाने में सफल रहे हैं। साय ने पिछली सरकार को जमकर कोसा और कहा कि कांग्रेस ने 36 वायदे किए थे लेकिन पूरा नहीं किया। ढाई-ढाई साल के चक्कर में निकल गए। छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था। हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार हुआ था। कई लोग अभी भी जेल में हैं और कुछ लोग बेल में हैं।
साय ने कहा कि पारदर्शिता लाने के लिए कोयला टीपी की सारी प्रक्रिया ऑनलाइन की गई। आबकारी राजस्व बढ़ा है। पहले 6 हजार करोड़ राजस्व मिलता था जो कि बढक़र 10 हजार करोड़ हो चुका है।
पाईप सिस्टम से जुड़ेगी इंद्रावती-महानदी
सीएम ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई सुविधा बढ़ाने के लिए इंद्रावती को पाईप सिस्टम से महानदी से जोडऩे की योजना है। उन्होंने कहा कि हाल ही में मध्यप्रदेश दौरे पर गए थे और वहां सिंचाई को लेकर प्रेजेनेटेंस देखा है। वहां काफी अच्छा काम हुआ है। हम भी उनका अनुसरण करेंगे।
विपक्ष मुद्दाविहीन
उन्होंने सदन की पहले दिन की कार्रवाई का बहिष्कार करने के ऐलान पर कहा कि विपक्ष बिल्कुल मुद्दाविहीन हो गई। बिना तथ्यों के बात कर रही है। उन्होंने नक्सलवाद पर कहा कि नक्सलवाद खत्म करना पर्याप्त नहीं है, वहां विकास पहुंचाना होगा। इस दिशा में सरकार काम कर रही है। बस्तर में पर्यटन की अपार संभावना है।


