ताजा खबर

बिलासपुर हवाई सुविधा विस्तार की मुहिम रफ्तार पकड़ने लगी, दिल्ली में शुरू हुआ धरना
11-Dec-2025 3:04 PM
बिलासपुर हवाई सुविधा विस्तार की मुहिम रफ्तार पकड़ने लगी, दिल्ली में शुरू हुआ धरना

 तोखन ने उड्डयन मंत्री से कराई संघर्ष समिति की मुलाकात

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 11 दिसंबर। बिलासपुर की हवाई सेवाओं के विस्तार और एयरपोर्ट उन्नयन को लेकर चल रही मुहिम दिल्ली पहुंचकर तेज की गई है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति और बिलासपुर हवाई समिति के प्रतिनिधि लगातार केंद्रीय मंत्रियों व सांसदों से मुलाकात कर अपनी मांगों को उठा रहे हैं।  

आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर हवाई समिति के प्रतिनिधियों को नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू के सरकारी निवास पर सौजन्य भेंट कराई।
बैठक में बिलासपुर से नई उड़ानों की स्वीकृति, मौजूदा रूटों के विस्तार और एयरपोर्ट की सुविधाओं के उन्नयन पर चर्चा हुई।

नागर विमानन मंत्री ने बताया कि तोखन साहू बिलासपुर की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर करने के प्रयास लगातार कर रहे हैं और मंत्रालय संबंधित प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि बिलासपुर की मांगों पर जल्द सकारात्मक प्रगति सामने आएगी।
प्रतिनिधि मंडल ने व्यस्त समय में मुलाकात के लिए दोनों मंत्रियों का आभार जताया।

हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल 10 दिसंबर की सुबह दिल्ली पहुंचते ही अपनी मुहिम में जुट गया था। सुबह 10 बजे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के निवास पर हुए संवाद में सांसद साहू ने बिलासपुर एयरपोर्ट की जरूरत और आंदोलन को उचित ठहराया। साथ ही नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद प्रतिनिधियों ने राज्यसभा सांसद विवेक तंखा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत से भेंट की।
समिति ने एयरपोर्ट को 4सी श्रेणी में अपग्रेड करने, बड़े शहरों तक सीधी उड़ानें शुरू करने, तथा रक्षा मंत्रालय के कब्जे वाली भूमि विवाद को जल्द सुलझाने की मांगों पर जोर दिया।


अन्य पोस्ट