ताजा खबर
अमेरिका में विदेशी मामलों की एक संसदीय कमेटी में सुनवाई के दौरान, हाल ही में संपन्न हुई राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे की एक तस्वीर दिखाई गई.
इस तस्वीर में पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक ही कार में बैठे हैं.
इस तस्वीर के बारे में चर्चा करते हुए अमेरिकी रिप्रेज़ेंटेटिव सिडनी कैमलागर-डोव ने कहा, “यह तस्वीर अपने आप में बहुत कुछ कहती है.”
भारत को लेकर ट्रंप प्रशासन की नीति को उन्होंने आत्मघाती बताया और कहा, “अमेरिका के रणनीतिक साझेदारों को विरोधियों के खेमे में धकेलने के लिए आपको नोबल पीस प्राइज़ नहीं मिलेगा. हमें नुकसान की भरपाई के लिए तुरंत उपाय करना चाहिए और सहयोग का रास्ता अख़्तियार करना चाहिए, जो अमेरिकी संपन्नता, सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व के लिए बहुत ज़रूरी है.”
कैमलागर-डोव विदेशी मामलों की दक्षिण और मध्य एशियाई उप समिति की सुनवाई के दौरान बोल रहीं थीं.
अमेरिकी रिप्रेज़ेंटेटिव प्रमिला जयपाल ने भी चिंता व्यक्त की कि टैरिफ़ और इमिग्रेशन नीतियां भारत-अमेरिका के आर्थिक और लोगों के बीच संबंधों पर असर डाल रही हैं.
यह सुनवाई ऐसे समय में हो रही है जब बीते मंगलवार को ही ट्रंप ने भारत के चावल निर्यात पर अतिरिक्त टैरिफ़ लगाने का संकेत दिया था. (bbc.com/hindi)


