ताजा खबर

दीपावली के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को यूनेस्को ने मान्यता दी: जयशंकर
10-Dec-2025 9:30 PM
दीपावली के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को यूनेस्को ने मान्यता दी: जयशंकर

नयी दिल्ली, 10 दिसंबर। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को कहा कि दीपावली को यूनेस्को की ‘अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची’ में शामिल किया जाना इस त्योहार के अपार सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व व लोगों को एकजुट करने में इसकी भूमिका को मान्यता प्रदान करता है।

दीपावली को बुधवार को अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किया गया। दिल्ली के लाल किले में हुई यूनेस्को की एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया।

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह जानकर खुशी हुई कि दीपावली को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल किया गया। यह त्योहार के अपार सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व और लोगों को एकजुट करने में इसकी भूमिका की मान्यता है।”

अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में जगह पाने वाला दीपावली त्योहार भारत की ओर से 16वीं प्रविष्टि है।

इससे पहले यूनेस्को सूची में भारत की ओर से कुंभ मेला, कोलकाता की दुर्गा पूजा, गुजरात का गरबा नृत्य, योग, वैदिक मंत्रोच्चार की परंपरा और रामलीला भी शामिल किये जा चुके हैं।  (भाषा)


अन्य पोस्ट