ताजा खबर
दुनिया की अग्रणी ई कॉमर्स कंपनी अमेज़न ने कहा है कि वो अगले पांच सालों में भारत में 35 अरब डॉलर का निवेश करेगी.
बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (इमर्जिंग मार्केट) अमित अग्रवाल ने कहा कि 35 अरब डॉलर से ज़्यादा निवेश के मार्फ़त कंपनी ऑपरेशन विस्तार और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस क्षमताओं को मजबूत करने की योजना बना रही है.
इस साल बड़ी अमेरिकी टेक कंपनियों ने भारत में अरबों डॉलर का निवेश करने का एलान किया है.
एक दिन पहले ही माइक्रोसॉफ्ट ने 2030 तक एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 17.5 अरब डॉलर के निवेश का वादा किया है, जो एशिया में उसका सबसे बड़ा निवेश होगा.
गूगल ने अगले पांच साल में एआई डेटा सेंटर बनाने के लिए 15 अरब डॉलर निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है.
अमेज़न ने कहा कि उसका निवेश एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भारत में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने के लिए है.
अमेज़न का कहना है कि पिछले दस साल में उसने भारत के विक्रेताओं के लिए 20 अरब डॉलर से ज्यादा निर्यात तैयार करने में मदद की है. साल 2030 तक इसे बढ़ाकर 80 अरब डॉलर पहुंचाने की योजना है. कंपनी का 2030 तक देश में 10 लाख अतिरिक्त रोजगार के अवसर तैयार करने का लक्ष्य भी है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी 2010 से अब तक भारत में 40 अरब डॉलर निवेश कर चुकी है. 2023 में उसने देश में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के लिए 26 अरब डॉलर निवेश की घोषणा की थी. (bbc.com/hindi)


