ताजा खबर

असम: तेज़पुर यूनिवर्सिटी के वीसी को हटाने की मांग पर विरोध प्रदर्शन जारी, परीक्षाओं का बहिष्कार
09-Dec-2025 9:43 AM
असम: तेज़पुर यूनिवर्सिटी के वीसी को हटाने की मांग पर विरोध प्रदर्शन जारी, परीक्षाओं का बहिष्कार

-दिलीप कुमार शर्मा

असम की तेज़पुर यूनिवर्सिटी के छात्रों ने सोमवार और मंगलवार को होने वाली अपनी एंड-टर्म सेमेस्टर परीक्षाओं का बहिष्कार किया है.

तेज़पुर यूनिवर्सिटी में बीते सितंबर से ही छात्र, शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी वाइस चांसलर शंभू नाथ सिंह के ख़िलाफ़ अपना विरोध जता रहे है.

विरोध प्रदर्शन करने वाले ये लोग यूनिवर्सिटी में वित्तीय अनियमितताओं, लंबे समय तक अनुपस्थित रहने और प्रशासनिक पंगुता के आरोपों को लेकर वाइस-चांसलर सिंह को हटाने की मांग कर रहे हैं.

इस विरोध प्रदर्शन को खत्म करने के लिए केंद्र सरकार की तरफ़ से एक टीम को छात्रों, शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के साथ बातचीत के लिए भेजा गया था. लेकिन उसका कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया.

प्रदर्शनकारियों ने 27 नवंबर से यूनिवर्सिटी को ठप कर दिया है.

इस बीच सोमवार को तेज़पुर यूनिवर्सिटी के छात्रों ने केंद्र से एक अनौपचारिक लिखित सूचना मिलने की पुष्टि की है, जिसमें कहा गया है कि वाइस चांसलर शंभू नाथ सिंह के ख़िलाफ़ लगे आरोपों की जांच शुरू की जाएगी.

अपना नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर विरोध प्रदर्शन में शामिल एक छात्र ने बताया, "केंद्र की टीम ने शनिवार को हम लोगों से हमारी मांगों पर अनाउंसमेंट के लिए मंगलवार तक इंतज़ार करने को कहा है. लेकिन जब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, हम अपना विरोध जारी रखेंगे."

"लिहाजा छात्रों ने सोमवार और मंगलवार को एंड-टर्म एग्जाम का बॉयकॉट करने का फ़ैसला किया है. बाकी परीक्षाओं के बारे में हम मंगलवार को फ़ैसला करेंगे."

ये परीक्षाएं 8 से 16 दिसंबर तक होनी थी. ऐसा कहा जा रहा है कि वाइस चांसलर सिंह को आखिरी बार 22 सितंबर को कैंपस में देखा गया था.

वे विरोध शुरू होने के एक दिन बाद कथित तौर पर यूनिवर्सिटी छोड़कर चले गए. छात्रों का कहना है कि शिक्षा मंत्रालय की तरफ़ से जब कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला तो 27 नवंबर से विरोध और बढ़ गया.

परीक्षाओं का कार्यक्रम तैयार करने वाले एक सहायक प्रोफ़ेसर ने बीबीसी को बताया, "एंड-टर्म एग्जाम में दूसरी बार रुकावट आई है. ये परीक्षाएं पहले 3 दिसंबर से शुरू होने वाली थी. लेकिन विरोध प्रदर्शन के कारण उन्हें टाल दिया गया."

इस समय तेज़पुर यूनिवर्सिटी में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी का मुख्य गेट ब्लॉक कर दिया है. यह गतिरोध सितंबर में तब शुरू हुआ था, जब प्रशासन ने प्रसिद्ध गायक ज़ुबिन गर्ग के लिए राजकीय शोक के बावजूद रेगुलर क्लास और स्टूडेंट काउंसिल के चुनाव को जारी रखा.

इस विरोध प्रदर्शन के बीच तेज़पुर यूनिवर्सिटी ने एक बयान जारी कर बताया कि सबसे सीनियर फैकल्टी मेंबर प्रो. ध्रुव कुमार भट्टाचार्य ने 4 दिसंबर से औपचारिक रूप से एक्टिंग वाइस चांसलर का पद संभाल लिया है.

हाथ से लिखे इस बयान में यह भी बताया गया कि प्रो. शंभू नाथ सिंह अब तेज़पुर यूनिवर्सिटी में प्रशासनिक पद पर नहीं रहेंगे.

उच्च शिक्षा विभाग डॉ. सिंह के ख़िलाफ़ सख़्त और समयबद्ध जांच शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है और जांच पूरी होने तक वह यूनिवर्सिटी का कामकाज नहीं संभालेंगे.(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट