ताजा खबर
रेलवे स्टेशनों में प्रीमियम ब्रांड आउटलेट स्थापित होंगे, आफर के लिए कॉन्फ्रेंस हुई
08-Dec-2025 7:59 PM
Join WhatsApp Group 1 यहाँ क्लिक करे
यात्रियों को मिलेगा विश्वस्तरीय खानपान एवं खरीदारी का अनुभव
बिलासपुर/रायपुर 08 दिसंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वाणिज्य विभाग ने सोमवार को जोन मुख्यालय में एक विशेष कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इसमें देश और विदेश के प्रतिष्ठित खाद्य एवं रिटेल ब्रांडों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । इस सम्मेलन का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट तथा कंपनी-स्वामित्व/संचालित सिंगल-ब्रांड प्रीमियम स्टोर्स की स्थापना के अवसरों पर विस्तृत चर्चा करना था, ताकि यात्रियों को आधुनिक हवाई अड्डों की तरह विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें ।
रेलवे बोर्ड द्वारा कैटरिंग पॉलिसी 2017 में किए गए नवीन संशोधन के तहत प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट को कैटरिंग स्टॉल की नई श्रेणी के रूप में औपचारिक मान्यता प्रदान की गई है । क्षेत्रीय/स्थानीय खानपान एवं मिलेट्स आधारित लोकप्रिय खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने के लिए स्टेशनों पर कॉम्पैक्ट मॉड्यूलर काउंटर्स स्थापित करने का प्रस्ताव भी इस पहल का हिस्सा है, जिससे स्थानीय उद्यमियों को अवसर मिलेगा और यात्रियों को स्थानीय स्वाद का अनुभव होगा ।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इच्छुक प्रीमियम ब्रांडों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किए हैं। ब्रांडों को अपने प्रस्ताव में स्टेशन विवरण, आवश्यक क्षेत्रफल, प्रस्तावित सेवाएँ, तकनीकी अनुभव तथा संचालन योजना जैसी जानकारियाँ प्रस्तुत करनी होंगी । स्टॉल आवंटन की पूरी प्रक्रिया ई-नीलामी के माध्यम से पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक ढंग से की जाएगी।
आज कॉन्फ्रेंस में कोकाकोला, नेसकैफ़े, अमूल, हल्दीराम, मोतीमहल, बीकाजी, डोमिनोज, बर्गर किंग, बर्गर सिंह, सबवे, ब्रिटेनिया, पिज्जा हट, अरुण आइसक्रीम, लवज्जा कॉफी तथा अन्य राष्ट्रीय ब्रांडों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनके साथ स्थानीय ब्रांड जैसे दुर्ग के श्रीजलाराम और तृप्ति, रायपुर के चाय गोविंदम, तथा बिलासपुर के मौसाजी और एबीज़ा, गढ़ कलेवा और सीजी हर्बल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई । इंटरएक्टिव सत्र में ब्रांड प्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों के बीच आगामी अवसरों, आउटलेट मॉडल्स और स्टेशन स्तर पर उपलब्ध सपोर्ट सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा हुई ।
इस अवसर पर प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबन्धक प्रवीण पांडेय ने कहा कि यह यात्रियों को बेहतर और विश्वस्तरीय सेवाएँ प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा ।
Join WhatsApp Group 2 यहाँ क्लिक करे


