ताजा खबर

'शादी अब टूट चुकी है'- स्मृति मंधाना ने तोड़ी चुप्पी
07-Dec-2025 8:52 PM
'शादी अब टूट चुकी है'- स्मृति मंधाना ने तोड़ी चुप्पी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना का कहना है कि पलाश मुच्छल के साथ होने वाली उनकी शादी अब टूट चुकी है.

पलाश मुच्छल के साथ शादी टलने के बाद स्मृति ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.

मंधाना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लंबा बयान जारी किया और इस बात की जानकारी दी है कि पलाश मुच्छल के साथ उनकी शादी टूट गई है.

स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल की शादी 23 नवंबर को होने वाली थी, लेकिन उसी दिन इसे टाल दिया गया था.

इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने पोस्ट में स्मृति ने लिखा, "पिछले कुछ हफ़्तों से मेरी निजी ज़िंदगी को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं और मुझे लगा कि अब इस बारे में स्पष्ट रूप से बात करना ज़रूरी है."

उन्होंने कहा, "मैं एक निजी स्वभाव की व्यक्ति हूं और आगे भी ऐसा ही रहना चाहती हूं, लेकिन मैं साफ़ करना चाहती हूं कि शादी अब टूट चुकी है."

स्मृति मंधाना ने कहा, "मैं चाहती हूं कि यह किस्सा यहीं पर ख़त्म हो जाए और आप सभी से आग्रह करती हूं कि इसे आगे न बढ़ाएं. इस समय दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करें और हमें थोड़ा वक़्त दें ताकि हम अपनी तरह से इस स्थिति को समझ सकें और आगे बढ़ सकें."

उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि हम सभी को एक बड़े उद्देश्य की ओर बढ़ना चाहिए और मेरे लिए वह हमेशा अपने देश का प्रतिनिधित्व करना रहा है."

"मैं भारत के लिए खेलना चाहती हूं, जीतना चाहती हूं और जितना लंबा संभव हो सके टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहती हूं. मेरा ध्यान हमेशा इसी पर रहेगा."


अन्य पोस्ट