ताजा खबर

गोवा: नाइट क्लब में आग लगने की घटना पर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी से पूछे सवाल
07-Dec-2025 8:51 PM
गोवा: नाइट क्लब में आग लगने की घटना पर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी से पूछे सवाल

शनिवार की रात गोवा के अर्पोरा में एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं.

इस घटना को लेकर आम आदमी पार्टी की नेता और पार्टी की गोवा प्रभारी आतिशी ने गोवा की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सवाल किया है कि बिना लाइसेंस के एक नाइट क्लब कैसे चल रहा था.

आतिशी ने कहा, "कल देर रात अर्पोरा में एक नाइट क्लब में आग लग गई, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई है. कई लोग अभी भी गंभीर रूप से घायल हैं...जिनकी जान गई है, उनके परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं. जो अभी अस्पताल में भर्ती हैं, हम उम्मीद करते हैं कि वो जल्दी ठीक हों."

उन्होंने कहा, "गोवा की बीजेपी सरकार को जवाब देना होगा कि बिना लाइसेंस के एक नाइट क्लब वॉटर बॉडी पर कैसे चल रहा था...और अगर लाइसेंस और मंज़ूरी नहीं थी तो बिजली का कनेक्शन कैसे मिला? लिकर लाइसेंस कैसे मिला?"

"अगर आप नॉर्थ कोस्टल बेल्ट में जाएंगे, तो हर नाइट क्लब और रेस्तरां मालिक आपको बताएगा कि हफ़्ता वसूली होती है, सारे नेता हफ़्ता वसूली करते हैं और इसी भ्रष्टाचार की वजह से आज 25 लोगों की जान चली गई. मैं (सीएम) प्रमोद सावंत से पूछना चाहती हूं कि अभी तक कोई एक्शन क्यों नहीं लिया गया? बीजेपी को इन सवालों के जवाब देने होंगे."

वहीं गोवा के राज्यपाल पुसापति अशोक गजपति राजू ने अरपोरा में आग लगने की घटना में 25 लोगों की मौत पर कहा, "यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, उन्हें (घायलों को) मेडिकल मदद दी जा रही है. हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि वे सभी ठीक हो जाएं."

"चीफ सेक्रेटरी ने मुझसे कहा है कि वो सभी नियामक विभागों की समीक्षा करेंगे. यह परेशान करने वाली बात है...राष्ट्रपति ने भी अपनी संवेदनाएं भेजी हैं...मेडिकल स्टाफ़ अपनी ड्यूटी के प्रति सचेत लग रहा है और वे अपना बेस्ट कर रहे हैं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट