ताजा खबर
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अर्पोरा के नाइट क्लब में लगी भीषण आग में जान गंवाने वालों लोगों के परिवार के लिए पांच लाख रुपये सहायता राशि की घोषणा की है.
इस दुर्घटना पर सीएम प्रमोद सावंत ने कहा, "मैंने डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट, एसपी साउथ, फ़ायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के डिप्टी डायरेक्टर, डायरेक्टर फ़ोरेंसिक्स की एक कमिटी बनाकर मजिस्ट्रेट जांच कराने का फैसला किया है, ताकि उन प्रक्रियागत कमियों का पता लगाया जा सके जिस वजह से यह घटना हुई और एक हफ़्ते के अंदर सरकार को रिपोर्ट सौंपी जा सके."
उन्होंने कहा, "डीजीपी ने दोषियों के ख़िलाफ़ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, जिसमें क्लब के मालिक, मैनेजर और जिन्होंने परमिशन दी थी, वे सभी शामिल हैं."
"राजस्व सचिव की अध्यक्षता में एक कमिटी बनाई जाएगी जो ऐसे क्लब, बिजनेस की जगहों वगैरह का ऑडिट करेगी, जो बिना वैध अनुमति के चल रहे हैं और जहां बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने की संभावना है. इस कमिटी ने ऐसी सभी जगहों के लिए एक एसओपी बनाई है ताकि यह पक्का हो सके कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों."
सीएम सावंत ने बताया कि मृतकों के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता राशि और घायलों को 50 हज़ार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. (bbc.com/hindi)


